रावण के बारे में सबसे बड़े भ्रामक विचार (वाल्मीकि रामायण के अनुसार)-ramayan part 93

Share

जनसामान्य में लोक-कथाओं, टीवी धारावाहिकों और उत्तर-वैदिक/मध्यकालीन साहित्यों के प्रभाव से रावण के संबंध में कई ऐसी धारणाएँ बन गई हैं, जिनका मूल वाल्मीकि रामायण में कोई उल्लेख नहीं मिलता। अपितु ये कथाएं बाद के कालखंडों में (जैसे कंब रामायण या लोक-नाट्यों में) जोड़ी गईं। वाल्मीकि रामायण के प्रामाणिक अध्ययन से इन भ्रामक धारणाओं का सत्य स्पष्ट होता है:

1. भ्रम: रावण ने अपनी बहन शूर्पनखा के अपमान का बदला लेने के लिए सीता जी का अपहरण किया था।

सत्य: शूर्पनखा रावण की दुर्बलताओं को भली-भांति जानती थी। उसने रावण के सामने अपनी कटी नाक का बदला लेने की बात नहीं की, बल्कि सीता जी के अलौकिक सौंदर्य का बखान किया और रावण को कामुक रूप से उकसाते हुए कहा कि सीता जी केवल रावण के योग्य हैं। इसके अतिरिक्त, शूर्पनखा के पति (विद्युतजिह्व) की हत्या स्वयं रावण ने ही की थी, अतः शूर्पनखा के मन में रावण के प्रति कोई वास्तविक भ्रातृ-प्रेम नहीं था।

2. भ्रम: रावण ने सीता जी को स्पर्श नहीं किया क्योंकि वह नारियों का आदर करता था और एक नीतिवान राजा था।

सत्य: रावण द्वारा सीता जी को स्पर्श न करने का कारण उसका कोई नैतिक आचरण नहीं, बल्कि ब्रह्मा जी, नलकुबर, और वेदवती का शाप था। रावण ने अपने भाई कुबेर के पुत्र की भावी पत्नी अप्सरा रंभा तथा पुंजिकस्थला के साथ बलात् दुराचार किया था। इस जघन्य अपराध पर उसे शाप मिला था कि यदि उसने भविष्य में किसी स्त्री को उसकी इच्छा के विरुद्ध बलपूर्वक स्पर्श या दुराचार किया, तो उसके मस्तक के सौ/सात टुकड़े हो जाएँगे और वह तत्क्षण मारा जाएगा।

3. भ्रम: रावण ने केवल सीता जी का अपहरण किया था।

सत्य: वाल्मीकि रामायण के अनुसार, रावण ने अपने विजय-अभियानों के दौरान विभिन्न लोकों, देवों, गंधर्वों और राजाओं को हराने के बाद सैकड़ों असहाय स्त्रियों का बलपूर्वक अपहरण किया था। वह उन स्त्रियों को लंका ले आया था, जिनके छोटे-छोटे बच्चे थे और जिनके पतियों ने आत्मसमर्पण कर दिया था। इस कृत्य का विभीषण ने भी तीव्र विरोध किया था।

4. भ्रम: श्रीराम ने रावण की मृत्यु के समय लक्ष्मण जी को उससे ज्ञान/राजनीति सीखने के लिए भेजा था।

सत्य: वाल्मीकि रामायण में ऐसा कोई प्रसंग नहीं है। श्रीराम का बाण लगते ही रावण की तत्काल मृत्यु हो गई थी। इसके अतिरिक्त, जिस व्यक्ति का ज्ञान उसके आचरण में न उतरा हो और जो अपनी कामवासना व अहंकार को न जीत सका हो, उससे राजनीति या धर्म का ज्ञान लेने का कोई अर्थ नहीं था। श्रीराम के पास हनुमान जी जैसे परम ज्ञानी, सर्वशास्त्र-पारंगत और पूर्णतः जितेंद्रिय सहयोगी पहले से उपस्थित थे। यह प्रसंग मध्यकालीन साहित्य (जैसे कंब रामायण) में आता है। (महाभारत में अवश्य श्रीकृष्ण द्वारा युधिष्ठिर को शरशैय्या पर लेटे पितामह भीष्म से ज्ञान लेने भेजने का प्रसंग है।)

5. भ्रम: रामेश्वरम में शिवलिंग की स्थापना के समय रावण ने श्रीराम के पुरोहित (आचार्य) की भूमिका निभाई थी।

सत्य:

  • वाल्मीकि रामायण में ऐसा कोई उल्लेख नहीं है।
  • शास्त्रों के अनुसार ‘पार्थिव शिवलिंग’ की पूजा हेतु किसी पुरोहित की आवश्यकता नहीं होती।
  • ज्योतिर्लिंग की प्राणप्रतिष्ठा नहीं होती क्योंकि वे स्वयं भगवान शिव के तेज यानि ज्योति से उत्पन्न होते हैं।
  • जब रावण के वहाँ आने का कोई प्रमाण नहीं है तो सीता जी को लाना तो संभव ही नहीं है, जैसा कि कुछ लोग मानते हैं। रावण ने सीता जी को केवल एक बार अशोक वाटिका से बाहर पुष्पक विमान पर रणभूमि के ऊपर भेजा था—जब राम-लक्ष्मण मेघनाद के नागपाश से अचेत हो गए थे, ताकि सीता जी उन्हें मृत मानकर मानसिक रूप से टूट जाएँ और रावण के प्रस्ताव को स्वीकार कर लें। यह रावण का अत्यंत क्रूर और मानसिक उत्पीड़नकारी कृत्य था।

रामायण एवं महाभारत से प्रासंगिक जीवन-मूल्य

यह शास्त्र-समीक्षा हमें यह महत्त्वपूर्ण दार्शनिक और व्यावहारिक सीख देती है कि उच्च कुल, विपुल ज्ञान, भक्ति या जाति व्यक्ति के पतन को नहीं रोक सकती यदि उसमें चरित्र और विवेक न हो:

रावण: उत्तम कुल (महर्षि विश्रवा का पुत्र/ब्राह्मण), परम ज्ञानी व शिवभक्त होने के बावजूद चरित्रहीनता, अहंकार और अविवेक के कारण कुल सहित नष्ट हो गया।

द्रोणाचार्य: महान धनुर्धर व गुरु होकर भी अधर्म और अन्याय का साथ देने के कारण युद्धभूमि में शीश कटवाने पर विवश हुए।

अश्वत्थामा: अतुलनीय बलशाली होकर भी सोते हुए निर्दोष बालकों पर हमला करने के जघन्य अपराध के कारण युगों-युगों तक शापित जीवन जीने को विवश हुआ।

परशुराम: आवेश में आकर अविवेकपूर्ण हिंसा/वध करने के कारण अंततः पश्चाताप भरी दीर्घ तपस्या के मार्ग पर जाना पड़ा।

इसके विपरीत:

यदि मनुष्य साधारण या निम्न समझे जाने वाले कुल में भी जन्मा हो, किंतु यदि उसमें ज्ञान, सहज बुद्धि, आत्म-नियंत्रण, चरित्र और न्याय के पक्ष में खड़े होने का साहस है; तो वह हनुमान, सुग्रीव, निषादराज गुह, विभीषण और विदुर की भाँति युगों-युगों तक वंदनीय और आदरणीय स्थान प्राप्त करता है। न, सहज बुद्धि, विवेक, चरित्र, न्याय का साथ देने की हिम्मत है तो।  

रावण को क्यों जलाते हैं?

शब्दभेदी बाण और प्रभु श्रीराम: अफवाह बनाम वाल्मीकि रामायण के अकाट्य तथ्य!- ramayan katha part 75

  वाल्मीकि रामायण

Leave a Comment

Scroll to Top