सीता ने वल्कल वस्त्र (तपस्विनी वेश) क्यों धारण किया था? | Valmiki Ramayan – Part 16

Share

सीता और लक्ष्मण का राम के साथ वन जाना

राम की विमाता (सौतेली माता) कैकेयी ने दैव माया और अपनी दासी मंथरा के उकसाने पर अपने पति से दो वरदान माँगे। इन वरदानों को देने के लिए राजा वचनबद्ध थे, साथ ही उन्होंने अपने सबसे प्रिय पुत्र राम की शपथ भी ले ली थी। इसमें दूसरा वरदान था—तपस्वी वेश में राम को चौदह वर्षों तक वन में रहना। राम पिता के वचन की रक्षा के लिए स्वेच्छा से वन जाने के लिए तैयार हो गए।

जब यह बात उनकी पत्नी सीता को पता चली, तो वे भी साथ जाने के लिए पति से अनुमति माँगने लगीं। राम ने उन्हें बहुत प्रकार से समझाया, लेकिन वे विनम्रता से उनके सभी तर्कों का खंडन करने लगीं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके मायके में एक साधु ने उनके लिए वनवास की भविष्यवाणी की थी, इसलिए वे मानसिक रूप से इसके लिए तैयार थीं। सीता पति के बिना महल में रहने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हुईं और जब वे किसी तरह नहीं मानीं, तो राम को उन्हें साथ जाने की अनुमति देनी पड़ी।

लक्ष्मण भी राम के बिना अयोध्या में रहने के लिए तैयार नहीं हुए। अंततः राम को उन्हें भी साथ चलने की अनुमति देनी पड़ी।

माता कौशल्या और सुमित्रा से आज्ञा लेकर, विवाह के समय जनक जी द्वारा दिए गए दिव्य अस्त्र-शस्त्र लेकर, अपने सभी सेवकों आदि के लिए उचित आर्थिक व्यवस्था कर और प्रजाजनों से भरत को राजा मानने का आग्रह कर, राम, लक्ष्मण और सीता पिता से विदा लेने के लिए उपस्थित हुए।

इधर रानी कैकेयी के महल में राजा दशरथ को शोक और मानसिक आघात से बार-बार मूर्च्छा आ रही थी। राम ने उन्हें बहुत तरह से समझाया।

राजा की यह हालत देखकर मंत्रियों, राजगुरु और अन्य उपस्थित जनों ने रानी कैकेयी को अपनी जिद्द छोड़ने के लिए बहुत समझाया और कटु वचन भी बोले, लेकिन वह अपनी बात पर अडिग रहीं।

दशरथ द्वारा राम के साथ खजाना और सेना भेजने का आदेश और राम का इसे अस्वीकार करना

इस पर राजा ने आदेश दिया कि यदि राम वन में जा रहे हैं, तो उनके साथ सेना और खजाना भी भेजा जाए, जिससे उन्हें वन में किसी प्रकार का कष्ट न हो। वरदान में राम को अकेले भेजने या खजाना आदि न देने की कोई बात नहीं थी, लेकिन राम ने स्वयं ही सेना या खजाना साथ ले जाना अस्वीकार कर दिया। वे वास्तविक अर्थों में एक तपस्वी की तरह रहना चाहते थे, जैसा कि वरदान में माँगा गया था, न कि केवल दिखावे के लिए।

उन्होंने वनवासी तपस्वी (जिस वेश में उन्हें वनवास में रहने का वरदान कैकेयी ने माँगा था) के लिए उपयुक्त वल्कल वस्त्र (छाल के बने वस्त्र) और अन्य वस्तुओं की माँग की। लेकिन किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि वे अपने प्रिय राजकुमार को ये वस्तुएँ दें। तब कैकेयी स्वयं जाकर इन तीनों के लिए वल्कल वस्त्र ले आईं और उन्हें दे दिए।

राम और लक्ष्मण ने वहीं पिता और अन्य लोगों की उपस्थिति में अपने राजसी रेशमी वस्त्र उतारकर वल्कल वस्त्र पहन लिए, लेकिन सीता को तपस्विनी का यह वस्त्र पहनना नहीं आया। इसलिए राम स्वयं अपने हाथों से उनके रेशमी वस्त्रों के ऊपर ही वल्कल वस्त्र बाँधने लगे।

यह देखकर वहाँ उपस्थित सभी लोगों की आँखें भर आईं। उन्होंने राम से कहा कि सीता को तो वनवास नहीं दिया गया है, इसलिए उनके लिए वल्कल वस्त्र पहनना आवश्यक नहीं है और वे अपने सामान्य वस्त्र-आभूषणों में ही जा सकती हैं। उन्होंने फिर से राम से अनुरोध किया कि सीता को अयोध्या में ही छोड़ दें।

लेकिन सीता अपने पति के अनुकूल ही वेश धारण करना चाहती थीं, अतः उन्होंने वह वस्त्र नहीं उतारा।

दशरथ द्वारा राम के लिए रथ का आदेश

राम को जाने के लिए दृढ़-प्रतिज्ञ देखकर राजा दशरथ ने सुमंत्र से रथ लाने के लिए कहा, ताकि उनके सुकुमार पुत्रों और पुत्रवधू को राज्य की सीमा तक पैदल न चलना पड़े। उन्होंने अपने खजांची से सीता के लिए इतने वस्त्र-आभूषण लाने के लिए कहा जितने वे चौदह वर्ष तक पहन सकें। लेकिन राम इसके लिए भी तैयार नहीं हुए।

धर्म के मर्म को जानने वाले राम वास्तविक अर्थों में वचन को निभाना चाहते थे। वे राज्य के किसी सीमावर्ती वन्य प्रदेश में भी रह सकते थे, जहाँ उनकी सुख-सुविधा की सभी वस्तुएँ अपने राज्य से मिल सकती थीं, लेकिन वे ऐसा नहीं चाहते थे। इसलिए वे कोई भी विलासिता की वस्तु साथ नहीं ले जाना चाहते थे। लक्ष्मण और सीता भी उनके अनुरूप ही रहना चाहते थे, इसलिए इन दोनों ने भी तपस्वी का वेश और वैसा ही कठोर जीवन वनवास के दौरान बनाए रखा।

दशरथ के आदेश के बिना राम वन क्यों गए थे? | Valmiki Ramayan – Part 15

राम का वनगमन और तमसा नदी पर प्रथम रात्रि विश्राम | Valmiki Ramayan – Part 17

Leave a Comment

Scroll to Top